चंडीगढ़,अंग भारत। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले को आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
Read more…………..दरबार साहिब में प्रीति जिंटा ने मांगी टीम की जीत की दुआ
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दी मंजूरी
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल
केवल सिंह ढिल्लों पंजाब के बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव के निवासी हैं। वह कांग्रेस पार्टी के टिकट पर 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक चुने गए थे। वर्ष 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है।
भाजपा का नया सिख चेहरा बने ढिल्लों
भाजपा नेतृत्व ने केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब में पार्टी का प्रमुख सिख चेहरा बनाकर बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। इससे पहले पार्टी ने सुनील जाखड़ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था।गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के समय केवल सिंह ढिल्लों चंडीगढ़ स्थित पंजाब लोक भवन में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी और पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
उद्योगपति और प्रभावशाली नेता हैं ढिल्लों
केवल सिंह ढिल्लों पंजाब के बड़े उद्योगपतियों में भी गिने जाते हैं। वह ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख हैं और लंबे समय से राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से भाजपा पंजाब में संगठन को मजबूत करने की कोशिश करेगी।










