रांची,अंग भारत। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
Read more…………. वैभव सूर्यवंशी बनेंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर, मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान
रांची समेत 11 जिलों में खराब मौसम की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार रांची, बोकारो, लोहरदगा, गुमला, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और सिमडेगा जिलों में रविवार को गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कई इलाकों में वज्रपात होने की भी आशंका जताई गई है।
पांच जून तक सक्रिय रहेगा मौसम
आईएमडी ने बताया कि राज्य के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में पांच जून तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट
पिछले तीन से चार दिनों के दौरान रांची सहित राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। तापमान में आई इस गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम सुहावना होने के कारण आमजन ने राहत महसूस की है।
रांची में हुई मूसलाधार बारिश
शनिवार सुबह राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दोपहर बाद मौसम सामान्य हो गया और आसमान में आंशिक बादल छाए रहे।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, नामकुम सबसे ठंडा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य का सर्वाधिक तापमान डाल्टनगंज में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 33.4 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया गया है।










