भागलपुर,अंग भारत। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बरारी घाट से महादेवपुर घाट तक निःशुल्क नाव परिचालन की व्यवस्था को लेकर सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बरारी घाट स्थित नियंत्रण कक्ष में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निजी नाव चालकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
Read more…………..मखाना खेत में महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
यात्रियों और बाइक चालकों से नहीं लिया जाएगा किराया
बैठक में निजी नाव चालकों की सहमति से प्रति यात्री और मोटरसाइकिल परिवहन के लिए एक निर्धारित दर तय की गई, जिसका भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा। इसके तहत नाव चालक किसी भी यात्री से किराया नहीं वसूलेंगे। साथ ही दोपहिया वाहन लेकर यात्रा करने वाले लोगों को भी किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।इस निर्णय से गंगा पार आने-जाने वाले हजारों यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
निगरानी के लिए गठित हुई समिति
निःशुल्क नाव संचालन की व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक विशेष समिति का गठन किया गया है। इस समिति में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निजी नाव चालकों को भी सदस्य बनाया गया है, ताकि संचालन व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखी जा सके।
कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था राकेश रंजन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार तथा नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निःशुल्क नाव सेवा का लाभ आम लोगों तक सुचारू रूप से पहुंचे और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन इस योजना के सफल संचालन को लेकर पूरी तरह सक्रिय है।










