रांची,अंग भारत। झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय को मंगलवार देर रात निशाना बनाया गया। हालांकि हमलावर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और एक बड़ी घटना टल गई।
Read more…………..झारखंड में मानसून हुआ सक्रिय, 19 जून तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट
सॉस की बोतलों में भरकर लाया गया पेट्रोल
पुलिस के अनुसार दो युवकों ने चिली सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर उन्हें संघ कार्यालय परिसर के अंदर फेंकने का प्रयास किया। दोनों बोतलें कार्यालय की बाउंड्री के बाहर या उसके पास ही गिर गईं, जिससे आग नहीं फैल सकी और कोई नुकसान नहीं हुआ।सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शुरुआती जांच में दो संदिग्धों की संलिप्तता सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) समेत कई टीमों को जांच में लगाया गया है।
CCTV फुटेज में कैद हुए हमलावर
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। फुटेज में दो युवक पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। पहली बोतल फेंकते समय उसमें लगी आग वाली सुतली जमीन पर गिर गई, जिससे वह विस्फोट नहीं कर सकी। इसके बाद दूसरी बोतल भी कार्यालय तक नहीं पहुंच पाई और हमला विफल हो गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
होटल कर्मचारियों पर शक, पुराने विवाद की भी जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार संघ कार्यालय के निकट स्थित एक होटल के कुछ कर्मचारी जांच के दायरे में हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले संघ कार्यालय की ओर से गंदगी और अन्य शिकायतों को लेकर होटल प्रबंधन के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की चर्चा रही थी।पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह हमला उसी विवाद का परिणाम तो नहीं है। हालांकि अभी तक किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटनास्थल पहुंचे संजय सेठ और बाबूलाल मरांडी
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी संघ कार्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।संजय सेठ ने कहा कि यह बेहद गंभीर घटना है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उनकी राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से भी बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट है कि हमलावर योजनाबद्ध तरीके से आए थे और उन्होंने दो बार हमला करने की कोशिश की।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
भाजपा नेताओं ने घटना को लेकर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि यह केवल एक कार्यालय पर हमला नहीं बल्कि सनातन समाज की भावनाओं पर हमला है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है।



































