नई दिल्ली,अंग भारत। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं ने देशवासियों और दुनिया भर में बसे भगवान जगन्नाथ के भक्तों को शुभकामनाएं दी हैं। सभी नेताओं ने महाप्रभु जगन्नाथ से देश में सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।
राष्ट्रपति ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का पावन अवसर भक्तों और भगवान के मिलन का अद्भुत पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि इस दिन महाप्रभु जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा और चक्रराज सुदर्शन के साथ नगर भ्रमण कर भक्तों को दर्शन देते हैं।राष्ट्रपति ने कामना की कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से देश निरंतर प्रगति करे और सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ किया।
उपराष्ट्रपति ने बताया एकता और सद्भाव का पर्व
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व सभी मतभेदों से ऊपर उठकर लोगों को एक साथ जोड़ने का संदेश देता है।उन्होंने कहा कि महाप्रभु का आशीर्वाद देशवासियों को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे तथा पूरे देश में शांति, एकता और आपसी विश्वास को और मजबूत बनाए।
लोकसभा अध्यक्ष ने बताया सनातन संस्कृति का प्रतीक
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व आस्था, आध्यात्मिकता और जनकल्याण का अनूठा संगम है, जो सदियों से लोगों के जीवन में सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता आया है।=उन्होंने कहा कि रथयात्रा हमें धर्म, कर्तव्य, विनम्रता और समाज की सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
अमित शाह ने की सुख-समृद्धि की कामना
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा को अटूट आस्था, विश्वास और भक्ति का प्रतीक बताया। उन्होंने महाप्रभु से सभी देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
गडकरी और राजनाथ सिंह ने भी दिया संदेश
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कामना की कि भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशियां, शांति, सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि का संचार हो। उन्होंने भी “जय जगन्नाथ” कहकर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
गजेन्द्र शेखावत और गिरिराज सिंह ने भी दी बधाई
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारत की सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव की जीवंत पहचान है। उन्होंने कामना की कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शुभता बनी रहे।केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भी रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की यह दिव्य यात्रा पूरे देश में शांति, समृद्धि, सद्भाव और खुशहाली का संदेश फैलाए।
आस्था और एकता का महापर्व
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में गिनी जाती है। इस अवसर पर ओडिशा के पुरी सहित देश के कई राज्यों में भव्य रथयात्राएं निकाली जा रही हैं। लाखों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए मंदिरों और रथयात्रा मार्गों पर उमड़ रहे हैं। देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर आसीन नेताओं के संदेश भी यही बताते हैं कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का भी अवसर है।







