Founder – Mohan Milan

नीट पेपर लीक के विरोध में वाराणसी में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग; कई छात्र हिरासत में

नीट पेपर लीक के खिलाफ वाराणसी के लंका चौराहे पर छात्रों का प्रदर्शन और पुलिस की भारी तैनाती।

वाराणसी,अंग भारत। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छात्र संगठनों ने प्रदर्शन की तैयारी की। हालांकि प्रशासन ने पहले से ही प्रदर्शन पर रोक लगा दी थी। इसके चलते काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से निकल रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। वहीं, प्रदर्शन के लिए लंका चौराहे पर पहुंचे कुछ छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

लंका चौराहे पर पहले से तैनात रही पुलिस

प्रदर्शन की घोषणा को देखते हुए लंका चौराहे और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। बीएचयू के छात्रावासों से निकलकर लंका चौराहे की ओर जा रहे कई छात्र बैरिकेडिंग के पास ही रोक दिए गए। कुछ देर तक छात्रों और पुलिस के बीच बहस भी हुई, लेकिन पुलिस ने किसी को प्रदर्शन स्थल तक नहीं जाने दिया।उधर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से निकल रहे छात्रों को भी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। प्रशासन का कहना था कि बिना अनुमति प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी जा सकती।

कई छात्रों को लिया गया हिरासत में

लंका चौराहे पर पहले से पहुंचे कुछ छात्र प्रदर्शन शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। हिरासत में लिए गए छात्रों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी गई।पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए कार्रवाई को जरूरी बताया।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी अभिषेक यादव ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की सर्वोच्च स्तर पर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून की मांग

प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाए जाएं। इसके साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।छात्र संगठनों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देशभर के छात्रों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठ सकता है।

स्थिति रही पूरी तरह नियंत्रण में

पुलिस की सतर्कता के कारण वाराणसी में कहीं भी बड़े स्तर पर प्रदर्शन नहीं हो सका। प्रशासन ने पूरे दिन संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि छात्र संगठनों ने संकेत दिए हैं कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
App Icon