भागलपुर,अंग भारत| भागलपुर के श्री श्री गौशाला सभागार में रविवार को दधीचि देहदान समिति, बिहार की भागलपुर शाखा की स्थापना सभा सह विचार गोष्ठी का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नेत्रदान (कॉर्निया दान), अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानव सेवा के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना था।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ शांति मंत्र, दीप प्रज्ज्वलन तथा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रमोद सिंघानिया ने की, जबकि संचालन रतन सांथालिया ने किया।स्वागत भाषण में डॉ. प्रमोद सिंघानिया ने कहा कि नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की।
बिहारभर में जागरूकता अभियान चलाएगी समिति
दधीचि देहदान समिति, बिहार के क्षेत्रीय संगठन मंत्री निर्मल कुमार जैन ने संगठन की कार्यप्रणाली एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि समिति पूरे बिहार में जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के लिए प्रेरित करेगी।
नवगठित पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पटना उच्च न्यायालय के वरीय अधिवक्ता अरुण सत्यमूर्ति ने नवगठित भागलपुर शाखा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सह सचिव, वित्त सचिव सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के उद्देश्यों के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
विधायक ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
मुख्य अतिथि एवं भागलपुर विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि नेत्रदान, अंगदान और देहदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने समिति के इस जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं श्री श्री गौशाला के महामंत्री गिरधारी केजरीवाल ने समिति के गठन को समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने समाज में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मालू जैन, चांद झुनझुनवाला, चिंटू अग्रवाल सहित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










