बिहार में इंटरनेशनल ड्रग्स नेटवर्क का शक, लाखों की ब्राउन शुगर जब्त
किशनगंज,अंग भारत। बिहार के सीमावर्ती किशनगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गलगलिया थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, भारतीय और विदेशी मुद्रा बरामद की गई। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है।
Read more……………जनसुनवाई में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी भातगांव, एसएसबी नेमुगुड़ी और गलगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नेंगडाडुबा गांव निवासी 48 वर्षीय चांद मोहम्मद के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से करीब 120 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
भारतीय के साथ विदेशी करेंसी भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से 7 लाख 76 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा और 1 लाख 28 हजार रुपये नेपाली करेंसी भी जब्त की। इसके अलावा कई देशों की विदेशी मुद्रा मिलने से जांच एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। बरामद विदेशी करेंसी में कतर के 27 नोट, चीन के 10 नोट, सऊदी अरब के 12 नोट और मलेशिया का एक नोट शामिल है। विदेशी मुद्रा मिलने के बाद मामले को गंभीर मानते हुए इसकी कड़ियों को अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़कर जांच शुरू कर दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क बिहार और नेपाल सीमा से आगे किन देशों तक फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संयुक्त अभियान में कई अधिकारी रहे शामिल
इस संयुक्त अभियान में ठाकुरगंज अंचल निरीक्षक पंकज पंथ, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक भूषण झा, महिला सिपाही सपना कुमारी, मनीषा कुमारी, बीएचजी तरुण कुमार, राजेंद्र गणेश और मिथुन गणेश सहित एसएसबी नेमुगुड़ी और भातगांव की टीमों की अहम भूमिका रही। सीमा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।











One Response