पटना,अंग भारत। बिहार पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 12 अधिकारियों समेत 53 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। इस बदलाव में डीजी रैंक से लेकर एसडीपीओ स्तर तक के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद पुलिस महकमे में नई तैनातियों को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। सरकार ने इसे कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम बताया है।
कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी अधिसूचना के अनुसार आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को गृह रक्षा वाहिनी का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं ऋषि श्री कांड को लेकर चर्चा में रहे पंकज कुमार दाराद को विशेष निगरानी इकाई से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक सह प्रबंध निदेशक, पुलिस भवन निर्माण निगम की जिम्मेदारी दी गई है।निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक मद्य निषेध का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं एडीजी सुधांशु कुमार को विशेष निगरानी इकाई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
53 DSP अधिकारियों की भी बदली गई तैनाती
गृह विभाग ने पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव करते हुए 53 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का भी तबादला किया है। बुधवार को जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों को नई जगहों पर पदस्थापित किया गया है।इनमें आर्थिक अपराध इकाई (EOU), विशेष शाखा, बिहार पुलिस अकादमी, पुलिस मुख्यालय, प्रशिक्षण संस्थानों और विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियां शामिल हैं। कुछ अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग से हटाकर मुख्यालय और प्रशिक्षण इकाइयों में भेजा गया है।
जांच और खुफिया व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
प्रशासनिक फेरबदल के तहत पदोन्नति पाने वाले कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जांच एजेंसियों और विशेष इकाइयों में तैनाती दी गई है। कुछ अधिकारियों को अपराध अनुसंधान और विशेष शाखा से जुड़े विभागों में जिम्मेदारी दी गई है।माना जा रहा है कि इस बदलाव का उद्देश्य राज्य में खुफिया तंत्र को मजबूत करना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना और जांच प्रक्रिया को तेज करना है।
कई जिलों के यातायात DSP भी बदले गए
इस तबादला सूची में कई जिलों के यातायात डीएसपी भी शामिल हैं। सरकार का फोकस जिलों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिसिंग सिस्टम को अधिक सक्रिय करने पर है।गृह विभाग के अनुसार अधिकारियों के इस बड़े फेरबदल से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारी जल्द ही अपने नए पदों का कार्यभार संभालेंगे। सरकार को उम्मीद है कि यह बदलाव राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बेहतर प्रशासन देने में मददगार साबित होगा।











