कोलकाता,अंग भारत। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रस्तावित नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवजीत सरकार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं,सुबह से ही राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मैदान में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
Read more…………..शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या, बंगाल में बढ़ा सियासी तूफान
नौ मई को होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। इसे लेकर प्रशासन और पार्टी संगठन दोनों स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।ब्रिगेड परेड ग्राउंड को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था,वीवीआईपी जोन और मीडिया कवरेज के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों और आम लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
30 सेक्टर में बांटा गया पूरा मैदान
करीब 900 एकड़ में फैले ब्रिगेड परेड ग्राउंड को सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिहाज से 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी डीसीपी या असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए लगभग चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय सशस्त्र बलों की अतिरिक्त कंपनियों को भी तैनात किया जा सकता है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समारोह में वीवीआईपी मेहमानों की मौजूदगी और भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है। सभी प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। इसके अलावा हैंडहेल्ड स्कैनर से जांच और शारीरिक तलाशी के बाद ही लोगों को मैदान में प्रवेश मिलेगा।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
पूरे कार्यक्रम स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां आसपास की ऊंची इमारतों पर भी नजर रखेंगी, जहां पुलिस बल और स्नाइपर तैनात किए जाएंगे। लालबाजार मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद वीवीआईपी मूवमेंट के लिए अलग ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष निकासी योजना भी बनाई गई है।इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किए जाएंगे। कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
रवींद्र जयंती से जोड़ा जा रहा आयोजन
शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का सांस्कृतिक महत्व भी काफी खास माना जा रहा है। बंगाली पंचांग के अनुसार यह दिन वैशाख की 25 तारीख यानी रवींद्र जयंती का अवसर है। इस दिन पूरे पश्चिम बंगाल में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई जाती है और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस आयोजन को बंगाल की सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर बड़ा संदेश देने की कोशिश कर रही है। इसी कारण कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी तैयारी की जा रही है।









