चंडीगढ़,अंग भारत। पंजाब के पांच प्रमुख मंदिरों और चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। धमकी एक ई-मेल के जरिए दी गई, जिसमें दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच विस्फोट की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी।
Read more………….पंजाब भाजपा की कमान केवल सिंह ढिल्लों को, चुनाव से पहले बड़ा बदलाव
ई-मेल में पांच प्रमुख मंदिरों और सचिवालय का उल्लेख
धमकी भरे ई-मेल में पंजाब के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें अमृतसर का दुर्ग्याणा मंदिर, पठानकोट का मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर का देवी तालाब मंदिर, बठिंडा का मैसरखाना मंदिर और पटियाला का काली देवी मंदिर शामिल हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को भी धमकी दी गई है।ई-मेल में 6 जून 1984 को श्री दरबार साहिब में हुई सैन्य कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कथित बदले की भावना का जिक्र किया गया है।
धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय
धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। सभी संबंधित मंदिरों और सचिवालय परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच अभियान चलाया और श्रद्धालुओं व आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
साइबर सेल कर रही ई-मेल की जांच
पुलिस और साइबर सेल की टीमें ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं। जांच की जा रही है कि यह ई-मेल किस आईडी से भेजी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। तकनीकी विशेषज्ञ ई-मेल के डिजिटल ट्रेस और आईपी एड्रेस की जांच कर रहे हैं।
सुरक्षा बढ़ाई गई, अफवाहों से बचने की अपील
फिलहाल सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।










