Founder – Mohan Milan

बिहार मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नए मंत्रियों ने संभाला कार्यभार

पटना,अंग भारत। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नई जिम्मेदारियों के साथ मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को राजधानी पटना स्थित विभागीय कार्यालयों में नए मंत्रियों ने पदभार ग्रहण किया और अपनी प्राथमिकताओं को लेकर बयान भी दिए। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राज्य की राजनीति में नई सक्रियता देखने को मिल रही है।

Read more……….छपरा-सीवान हाईवे पर भीषण हादसा, तीन की मौत

कई मंत्रियों ने संभाली नई जिम्मेदारी

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने पंचायती राज विभाग का कार्यभार संभाला। वहीं अशोक चौधरी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी ग्रहण की। इसके अलावा केदार प्रसाद गुप्ता को पर्यटन विभाग की कमान सौंपी गई है, जबकि मदन सहनी ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का पदभार ग्रहण किया।नंदकिशोर राम ने पशुपालन विभाग का कार्यभार संभालते हुए विभागीय योजनाओं की समीक्षा की बात कही। वहीं वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने भी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में पदभार ग्रहण कर अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक की।

स्वास्थ्य मंत्री बनते ही सक्रिय हुए निशांत कुमार

इस मंत्रिमंडल विस्तार का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का रहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग का कार्यभार संभालते ही राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।निशांत कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार के हर नागरिक तक बेहतर और समान स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना होगी। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है, उसे मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने की कोशिश करूंगा।”उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार में विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में जो काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। निशांत कुमार ने कहा कि शुरुआत में वह विभागीय कामकाज को समझने और सीखने पर ध्यान देंगे, उसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए जरूरी फैसले लिए जाएंगे।

जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का दावा

नए स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम लोगों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात भी की। इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गठबंधन संतुलन पर भी नजर

वर्तमान मंत्रिमंडल में भारतीय जनता पार्टी के 15, जनता दल यूनाइटेड के 13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 2, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 1 मंत्री शामिल हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response