Founder – Mohan Milan

भागलपुर में बिजली संकट गहराया, युद्धस्तर पर काम शुरू

भागलपुर,अंग भारत। बिहार के भागलपुर समेत कई जिलों में आए तेज आंधी, बारिश और चक्रवाती तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भागलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले लगभग 40 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली कटौती से पानी की समस्या बढ़ गई है और गर्मी-उमस ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

Read more……………दाखिल-खारिज लंबित तो होगी कार्रवाई, मंत्री का अल्टीमेटम

हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे एमडी राहुल कुमार

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार मंगलवार को हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे। उनके आगमन पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।भागलपुर पहुंचने के बाद राहुल कुमार ने मुख्य अभियंता विद्युत, अधीक्षण अभियंता और तीनों कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया डिवीजन में बिजली आपूर्ति की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में तूफान से हुए नुकसान और बहाली कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

तूफान में पोल और तार क्षतिग्रस्त

प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने बताया कि बीती रात आए चक्रवात और 26 मई की रात हुई तेज बारिश एवं आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए, तार टूट गए और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।उन्होंने कहा कि बिजली सेवा एक इमरजेंसी सेवा है और विभाग की टीमें लगातार दिन-रात काम कर रही हैं। रातभर बिजली कर्मियों ने फील्ड में रहकर लाइनों और उपकरणों को दुरुस्त करने का प्रयास किया। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि बाकी इलाकों में तेजी से काम जारी है।

जल्द बहाली के लिए विभाग को निर्देश

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने भी बिजली विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लगातार बिजली बाधित रहने से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है, इसलिए राहत कार्यों में तेजी लाने की जरूरत है।बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन इलाकों में अब तक बिजली बहाल नहीं हो सकी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए जल्द आपूर्ति शुरू कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ घंटों में कई प्रभावित इलाकों में बिजली व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts